0
(0)

भागलपुर ।
खगरिया जिला के परबत्ता थाना क्षेत्र के सलारपुर में एक दलित निर्धन परिवार अपने वैध जमीन के दस्तावेज होने के बावजूद स्थानीय दबंगों के विरोध के कारण घर का निर्माण नहीं कर पा रहा है। पिछले एक वर्ष से अर्धनिर्मित घर क्षतिग्रस्त स्थिति में पड़ा है, जबकि घर निर्माण के लिए खरीदी गई महंगी सामग्री (सैकड़ों बोरे सीमेंट, सरिया, ईंट, बालू-गिट्टी) सड़क किनारे रखी होने के कारण बर्बाद हो रही है।

मामले को लेकर पीड़ित विकास कुमार पासवान, पिता स्व. सुरेश पासवान ने खगरिया सांसद, विधायक, जिला पदाधिकारी, एसपी, गोगरी एसडीओ, परबत्ता सीओ, थानाध्यक्ष और पंचायत के सभी जनप्रतिनिधियों को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि दलित भूमिहीन परिवार होने के कारण वे दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार और बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। वर्तमान में परिवार जीएन बांध 14 नंबर सड़क किनारे प्लास्टिक और फूंस की झोपड़ी में रह रहा है।

विकास कुमार पासवान ने बताया कि उनके पिता ने वर्ष 2009 में कुल्हड़िया मौजा स्थित खाता-292, खेसरा-780, रकवा-3 कट्ठा जमीन स्व कैलू पोद्दार के भाई टहलु पोद्दार के पोता स्व विष्णुदेव पोद्दार से कबाला संख्या 3723 के तहत खरीदी थी। जमीन का खारिज एवं जमाबंदी संख्या 864 वैध रूप से कायम है। वर्ष 2025-26 तक उन्होंने लगान भुगतान कर रसीद भी प्राप्त की है।

हालांकि, इस जमीन पर सलारपुर निवासी शुशांत पोद्दार, संजय पोद्दार और अरविंद पोद्दार द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में वर्ष 2015 में एसडीएम कोर्ट, गोगरी में वाद संख्या-699/2015 दर्ज किया गया है, जो 10 वर्षों से लंबित है।

पीड़ित ने बताया कि पिछले वर्ष घर निर्माण कार्य शुरू किया गया था, जिसे दबंगों ने रोक दिया। अत्यंत गरीब परिवार होने के कारण दलित परिवार सड़क किनारे टूटी-फूटी झोपड़ी में रहकर जीवन यापन कर रहा है। कड़ाके की ठंड में पूरा परिवार रात में सोने को मजबूर नहीं है। वहीं, घर निर्माण के लिए खरीदी गई लाखों रूपए की सामग्री बर्बाद हो रही है।

पीड़ित ने आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच, न्यायोचित कार्रवाई और घर निर्माण कार्य पूर्ण करने में सहयोग की मांग की है।

गोगरी एसडीओ कृतिका मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में है। पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त होने पर जांच के बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: