



नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र के मुरली गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित मृत्युंजय कुमार ने थाना में लिखित आवेदन देकर गांव के ही आठ लोगों पर जानलेवा हमला, गाली-गलौज और सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
पिलर गाड़ने का विरोध करने पर हमला
मृत्युंजय कुमार (पुत्र — स्व. चंदेश्वरी पंडित, निवासी — मुरली) ने अपने आवेदन में बताया कि 13 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव के शशिधर सिंह, सुबोध सिंह, बजरंगी सिंह, अशोक सिंह, निर्मला देवी, राखी देवी, सविता देवी और तुलसी कुमारी विवादित जमीन पर पिलर गाड़ रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, शशिधर सिंह ने बांस से उनके सिर पर वार किया, जिससे उनका सिर फट गया और गंभीर चोट आई। उन्होंने इस घटना को जानलेवा हमला बताया है।
टाइटल केस लंबित, फिर भी निर्माण का आरोप
मृत्युंजय कुमार का कहना है कि जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है वह उनकी पैतृक संपत्ति है और मामला न्यायालय में लंबित है। संबंधित पदाधिकारी द्वारा जमीन पर फिलहाल किसी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं करने का निर्देश दिया गया था, इसके बावजूद आरोपित पक्ष द्वारा पिलर गाड़ने की कोशिश की जा रही थी।

भाई की सोने की चेन छीनने का आरोप
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान कपिल देव सिंह ने उनके भाई दीपक की सोने की चेन और चकती छीन ली।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। घटना की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।













