



भागलपुर जिले के रजौन थाना क्षेत्र के छोटी बुढ़िया गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच देर रात जमकर मारपीट हुई। बताया जा रहा है कि लंबे समय से चल रहे विवाद को लेकर आरोपी पक्ष के लोग पहले से ही घात लगाए बैठे थे।
घटना में घायल अमृत यादव के पुत्र अरविंद यादव ने बताया कि बीती रात करीब 12 बजे वे किसी काम से घर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके दोनों पैर टूट गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमला करने वालों ने उन्हें डराने के इरादे से दो राउंड गोली चलाई, हालांकि गोली उन्हें नहीं लगी।

अचानक हुए हमले के बाद अरविंद यादव जमीन पर गिर पड़े। आवाज सुनकर परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें उठाकर तुरंत मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल में दिए बयान में घायल अरविंद यादव ने बताया कि इस हमले के पीछे पहले से चल रहा जमीन विवाद ही मुख्य कारण है। उनका कहना है कि इसी विवाद को लेकर पहले भी कई बार झगड़ा और मारपीट हो चुकी है।

उन्होंने अपने गोतिया दयानंद यादव, गुड्डू, राजा, नीतीश सहित कुल सात लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घायल अरविंद यादव का इलाज मायागंज अस्पताल में जारी है।
















