



नवगछिया। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं मानकों की जांच वरीय पदाधिकारियों द्वारा बुधवार को की गई। इस दौरान लालजी विद्यालय में जिला पंचायती राज पदाधिकारी और सीओ रौशन कुमार ने शिक्षण कार्य की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा चेतना सत्र की स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की भी विस्तृत जांच की।

जांच टीम ने आगे आंगनबाड़ी केंद्रों और जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सिंघिया मकनपुर स्थित मां भगवती इंटरप्राइजेज खाद-बीज दुकान में गंभीर अनियमितता पाई गई, जहां किसानों द्वारा खरीदे गए सामान का नाम स्टॉक रजिस्टर में अपडेट नहीं था।

इसके अलावा लालजी विद्यालय से सटे आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे बच्चों के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था उपलब्ध नहीं मिली, जिसे अधिकारियों ने गंभीर लापरवाही माना।
पदाधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई सभी कमियों की रिपोर्ट जिला कार्यालय को भेजी जाएगी, ताकि आगे आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।














