0
(0)

भागलपुर। नाथनगर प्रखंड क्षेत्र के नूरपुर पंचायत स्थित हरिजन टोला में मंगलवार को एक बड़ा हादसा उस समय हो गया, जब सामुदायिक चौपाल का जर्जर भवन अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान हरिजन टोला निवासी किशन दास की पत्नी प्रेमलता देवी, उनकी दो बेटियां — 12 वर्षीय फूल कुमारी, 8 वर्षीय मुन्नी कुमारी तथा 2 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के समय प्रेमलता देवी अपने बच्चों के साथ चौपाल की छत पर गोबर के उपले बना रही थीं। इसी दौरान भवन की छत अचानक ध्वस्त हो गई और सभी लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला और तुरंत निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि सामुदायिक चौपाल भवन काफी समय से जर्जर अवस्था में था, बावजूद इसके प्रशासन द्वारा मरम्मत या पुनर्निर्माण की कोई पहल नहीं की गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर भवनों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: