



भागलपुर। एक मानवता को शर्मसार करने वाली घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित वाटर पार्क के समीप एक नवजात शिशु का शव मिलने से सभी हैरान रह गए। शव को कपड़े में लपेटकर सड़क किनारे फेंक दिया गया था। स्थानीय लोगों ने शव देखे जाने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नवजात शिशु संभवतः मायागंज अस्पताल से यहां फेंका गया होगा। उनका मानना है कि डिलीवरी के बाद बच्चे की मौत हो गई होगी, और परिजनों ने शव को यहां लाकर फेंक दिया। बीके कुमार नामक एक राहगीर ने बताया कि जब वह जा रहे थे, तब उनकी नजर नवजात के शव पर पड़ी, जो कपड़े में लपेटकर फेंका हुआ था। उन्होंने तुरंत 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचित किया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। फिलहाल, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो सका कि इस जघन्य घटना को अंजाम किसने दिया।

यह घटना कई सवाल खड़े करती है। लगभग एक महीने पहले भी, अस्पताल के पास कूड़ेदान में एक नवजात शिशु का शव मिला था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि अस्पताल परिसर में इस तरह की घटनाएं लगातार क्यों हो रही हैं और संबंधित अधिकारियों ने इसके खिलाफ क्या कदम उठाए हैं।













