



नवगछिया : जिला परिषद सदस्य नंदनी सरकार के पिता एवं रूपौली विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक प्रत्याशी नागेंद्र सरकार का गुरुवार की सुबह ढोलबज्जा बाजार स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्वर्गीय नागेंद्र सरकार सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहे तथा ढोलबज्जा पंचायत के पूर्व मुखिया प्रत्याशी भी रह चुके थे।

स्वर्गीय नागेंद्र सरकार कोसी नदी के विजय घाट पर पक्का पुल निर्माण की मांग को लेकर वर्षों तक संघर्ष करते रहे। उन्होंने इस मांग को केवल एक व्यक्तिगत मुद्दा नहीं रहने दिया, बल्कि इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया। कोसी नदी को क्षेत्र के लोगों के लिए अभिशाप मानते हुए उन्होंने पुल निर्माण की आवश्यकता को लेकर लगातार आवाज उठाई। इस आंदोलन के क्रम में उन्होंने कई बार धरना-प्रदर्शन किया, आमरण अनशन पर बैठे और कई अवसरों पर जेल भी गए, लेकिन अपने संकल्प से कभी पीछे नहीं हटे।

उनका यह संघर्ष क्षेत्र के विकास और आम जनता की सुविधा से जुड़ा हुआ था, जिसके कारण वे जनमानस में एक जुझारू और प्रतिबद्ध जननेता के रूप में पहचाने जाते थे। उनके निधन को पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
स्वर्गीय नागेंद्र सरकार अपने पीछे धर्मपत्नी, पुत्री नंदनी सरकार, पुत्र नीरज सरकार एवं निशांत सरकार सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन पर विपिन मंडल, सोनू जायसवाल, प्रशांत कुमार कन्हैया, शुभाशीष कुमार, सुशांत कुमार, सच्चिदानंद यादव, पंकज जायसवाल, नरेश सिंह, सुबोध मिश्रा, सिराज साह, सुबोध सिंह, पिंटू कुमार, प्रिंस कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की, गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।













