



भागलपुर : बबरगंज थाना क्षेत्र के मोहद्दीनगर कागजी टोला मोहल्ले में मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने पड़ोसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस उनकी शिकायत नहीं सुन रही है, जिसके चलते वे न्याय के लिए भटकने को मजबूर हैं।

पीड़िता तेतरी देवी ने बताया कि बीती रात करीब साढ़े दस बजे झाड़ू दास नामक व्यक्ति अचानक उनके घर पहुंचा। उसने कहा कि उनका बेटा जेल में है और पूछा कि जमानत कब कराएंगी। इस बात पर विवाद बढ़ गया। तेतरी देवी के अनुसार जब उन्होंने विरोध किया तो झाड़ू दास ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज करने लगा।
तेतरी देवी ने आरोप लगाया कि झाड़ू दास ने उनके बड़े बेटे बजरंग दास का गला दबाया और फाइटर (लोहे की रॉड जैसी वस्तु) से उस पर वार कर दिया। इसी दौरान बीच-बचाव करने आई उनकी बेटी मुस्कान को भी झाड़ू दास ने पीट दिया।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि झाड़ू दास अक्सर खुद को थाना से जुड़ा व्यक्ति बताता है और मोहल्ले के लोगों को धमकाता है कि वह किसी को भी झूठे केस में फंसा कर जेल भेज सकता है।
तेतरी देवी ने बताया कि घटना के बाद वे तुरंत बबरगंज थाना पहुंचीं, लेकिन वहां उनकी लिखित शिकायत स्वीकार नहीं की गई। पीड़ित परिवार का कहना है कि अब वे उच्च अधिकारियों से गुहार लगाएंगे, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।













