



बीज, उर्वरक, रोपनी, जैविक खेती और बागवानी की प्रगति की समीक्षा
भागलपुर। भागलपुर के समीक्षा भवन में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला कृषि टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कृषि एवं संबंधित विभागों की विभिन्न योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। बैठक में बीज वितरण, धान की रोपनी, किसान ई-केवाईसी, पंजीकरण, उर्वरक वितरण, उर्वरकों की उपलब्धता, दुकानों पर सैंपल संग्रहण एवं छापेमारी तथा जैविक कॉरिडोर योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। उर्वरक दुकानों पर छापेमारी के संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अब तक 168 छापेमारी की गई है और उर्वरकों के नमूने पटना भेजे गए हैं। दोषी पाए गए दुकानदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। जैविक कॉरिडोर योजना के अंतर्गत प्राप्त 2000 एकड़ के लक्ष्य के विरुद्ध, 2028 किसानों को जोड़कर 24 समूहों का गठन कर लक्ष्य को पूरा कर लिया गया है। पंचायत में चलाए गए कृषि जन चौपाल कार्यक्रम से किसानों में जागरूकता भी आई है। प्रत्येक प्रखंड में 5-5 कृषि पाठशाला से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। सहायक निदेशक (उद्यान) ने बताया कि 2025-26 में 6000 नारियल पौधों के वितरण का लक्ष्य निर्धारित है।

पोर्टल पर किसानों से आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। टिशू कल्चर से तैयार केले की बागवानी हेतु 230 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 336 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। मिट्टी जांच प्रयोगशाला में अब तक 3900 मिट्टी नमूने प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 900 नमूनों का विश्लेषण किया गया है। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिए कि सभी नमूनों की जांच कर मिट्टी स्वास्थ्य कार्ड भी समय से बनाए जाएं। जिले में 25,000 बागानों में कीटनाशक छिड़काव कराए जाने की योजना है, जिसके लिए किसानों से आवेदन लिए जा रहे हैं। बैठक में पशुपालन, सहकारिता, मत्स्य एवं एनआरएम गवर्नेंस से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। इस बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। उप विकास आयुक्त ने सभी योजनाओं के क्रियान्वयन को समयबद्ध, पारदर्शी और किसान हितैषी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।













