


भागलपुर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर क्षेत्र से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जनहितकारी मांगों को मजबूती से उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने नवगछिया को पूर्ण राजस्व जिला का दर्जा देने, ढोलबज्जा को नया प्रखंड बनाए जाने, गंगा नदी में जहान्वी चौक से इस्माइलपुर तक बांध के चौड़ीकरण के साथ पक्की सड़क निर्माण, जमींदार बांध के सुदृढ़ीकरण तथा कोसी नदी में मदरौनी बांध के अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कर पक्कीकरण कराने की मांग प्रमुखता से उठाई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिला परिषद अध्यक्ष की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और कहा कि भागलपुर से उनका पुराना आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार पूरी तरह संवेदनशील है। नवगछिया को पूर्ण जिला का दर्जा देने और ढोलबज्जा को प्रखंड बनाए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने सरकार स्तर पर सार्थक पहल किए जाने का भरोसा दिलाया।
कोसी नदी में मदरौनी बांध से जुड़े अधूरे निर्माण कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री ने जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी को आवश्यक निर्देश देने का संकेत दिया और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर इस्माइलपुर जिला परिषद सदस्य विपिन कुमार मंडल ने बताया कि गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े तमाम विकासात्मक मुद्दों पर मुख्यमंत्री से विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मंत्रियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए अधिकृत किया है।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि नवगछिया को पूर्ण जिला बनाने को लेकर पूर्व में गठित समिति के माध्यम से कुछ कार्य हुए थे और अब एक बार फिर इस विषय पर तेजी से विचार किया जाएगा। इस मुलाकात के बाद क्षेत्र के लोगों में विकास को लेकर नई उम्मीद जगी है।
मुलाकात के दौरान नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से लोजपा के विधायक मिथुन कुमार तथा जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी उपस्थित रहे।












