


भागलपुर । सोमवार को समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडल के कुल 17 चापाकल मरम्मति दलों को जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत जिले में कुल 18,448 चापाकल स्थापित हैं। इनमें से 16,327 चापाकल चालू अवस्था में हैं, जबकि 2,121 चापाकल बंद पाए गए हैं। सभी बंद चापाकलों की मरम्मति कर उन्हें शीघ्र चालू करने की कार्रवाई की जा रही है। इसी उद्देश्य से 17 चलंत मरम्मति दलों को आवश्यक तकनीकी सामग्री के साथ प्रखंडों में भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसी भी क्षेत्र में चापाकल खराब होने की सूचना मिलने पर मरम्मति दल को तत्काल भेजा जाएगा। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर भी जारी किया गया है, ताकि आम लोग सीधे सूचना देकर मरम्मति दल को बुला सकें।
कार्यक्रम के दौरान संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता पूर्वी एवं पश्चिमी प्रमंडल तथा विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।
विभागीय जानकारी के अनुसार पश्चिमी प्रमंडल के अंतर्गत जगदीशपुर, गोराडीह, सुल्तानगंज, नाथनगर, शाहकुंड और सन्हौला प्रखंडों में कुल 8,122 चापाकल हैं। इनमें 7,162 चालू तथा 960 चापाकल बंद हैं, जिनकी मरम्मति की जाएगी।
वहीं पूर्वी प्रमंडल के अंतर्गत कहलगांव, पीरपैंती, सबौर, भागलपुर नगर निगम क्षेत्र, खरीक, नवगछिया, गोपालपुर, रंगरा चौक, इस्माईलपुर, बिहपुर और नारायणपुर प्रखंडों में कुल 10,326 चापाकल स्थापित हैं। इनमें 9,165 चालू और 1,161 चापाकल बंद पाए गए हैं, जिनकी मरम्मति की कार्रवाई की जा रही है।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के पूर्वी और पश्चिमी प्रमंडल का नियंत्रण कक्ष प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक दूरभाष संख्या 0641-2420097 और 0641-2420026 पर कार्यरत रहेगा, जहां सूचना देकर चापाकल मरम्मति की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।















