



भागलपुर। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार द्वारा मधुबनी में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय युवा उत्सव में सहभागिता के लिए भागलपुर जिले से चयनित युवा कलाकारों के दल को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह कार्यक्रम समाहरणालय परिसर, भागलपुर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जिला स्तरीय युवा महोत्सव में चयनित कुल 31 युवा प्रतिभागियों को दो दल-प्रमुखों के साथ मधुबनी के लिए रवाना किया। कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता श्री जतिन कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन, किलकारी के प्रमंडलीय कार्यक्रम समन्वयक सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन मधुबनी जिले में 24 एवं 25 जुलाई को किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के बाद भागलपुर से गए सभी युवा प्रतिभागियों का पुनः आगमन 26 दिसंबर को भागलपुर होगा।
भागलपुर से प्रस्थान करने वाले युवा प्रतिभागियों में कविता, कहानी लेखन, वक्तृता, समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य तथा चित्रकला विधा में जिला स्तरीय युवा महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी शामिल हैं। ये सभी युवा राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने सभी युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी भागलपुर जिले का प्रतिनिधित्व करने मधुबनी जा रहे हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि इन युवाओं की अगली प्रस्तुति राष्ट्रीय स्तर पर होगी। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे अंग क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और लोक परंपराओं का प्रचार-प्रसार करते हुए मधुबनी में भागलपुर का गौरव बढ़ाकर लौटें।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी अंकित रंजन ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य स्तर पर अपने शिष्टाचार, अंगिका संस्कृति, संस्कार और कला का बेहतर प्रदर्शन करें तथा अधिक से अधिक विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित युवा उत्सव में सहभागिता सुनिश्चित करें।












