


भागलपुर।
पूर्व मुख्य सचिव एवं अरुणाचल प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव रहे स्वर्गीय सुनील कुमार सिंह को जीवन जागृति सोसाइटी की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रेड क्रॉस रोड स्थित सोसाइटी के कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया।
स्वर्गीय सुनील कुमार सिंह का जन्म 25 फरवरी 1957 को मुंगेर जिले के जमुआ गांव में हुआ था। उनका निधन 31 दिसंबर 2025 को लगभग 70 वर्ष की आयु में हुआ। वे अरुणाचल प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री के मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत रहे और अपने सेवा काल के दौरान प्रशासनिक क्षमता, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए विशेष पहचान बनाई।
अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अपने अनुज भाइयों को शिक्षा के लिए अरुणाचल प्रदेश ले जाकर पढ़ाई कराई, जिनमें से दो वर्तमान में अरुणाचल प्रदेश सरकार में सेवाएं दे रहे हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने भागलपुर के जीरोमाइल क्षेत्र में अपना आवास बनाया था। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जीवन जागृति सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने स्वर्गीय सुनील कुमार सिंह को सादगी, उच्च विचार और समाज सेवा का प्रतीक बताया। वहीं संस्था के संरक्षक डॉ. कृष्णा सिंह ने उन्हें कर्मयोगी व्यक्तित्व का धनी बताया। संस्था अध्यक्ष डॉ. सतेंद्र ने उनके समयबद्ध कार्यशैली और सक्रिय जीवन की सराहना की। उनके अनुज मुरारी प्रसाद सिंह ने भावुक होते हुए उन्हें पिता समान बताया।
इस अवसर पर जीवन जागृति सोसाइटी के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर स्वर्गीय सुनील कुमार सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।













