



भागलपुर। जोगसर थाना क्षेत्र के खरमनचक मोहल्ले में एक हृदयविदारक हादसे में नीरज कुमार की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नीरज कुमार बीते कल शाम अपने घर की छत पर पानी की टंकी की जांच करने के लिए गए थे। इसी दौरान असावधानीवश उनका पैर फिसल गया और वे टंकी में गिर पड़े। गहराई अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और टंकी में डूबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि नीरज कुमार अपने घर में अपनी वृद्ध मां के साथ रहते थे, जबकि उनका बड़ा भाई अमेरिका में नौकरी करता है। देर रात तक नीरज के घर नहीं लौटने पर उनकी मां को चिंता हुई, जिसके बाद उन्होंने अपने बड़े बेटे को फोन कर इसकी जानकारी दी। बड़े भाई ने आसपास रहने वाले परिचितों और पड़ोसियों को घटना से अवगत कराया।
इसके बाद मोहल्ले के लोग अपने स्तर से नीरज की तलाश में जुट गए। तलाश के दौरान एक पड़ोसी जब छत पर गया तो उसने देखा कि नीरज पानी की टंकी में डूबे हुए हैं और उनका आधा शरीर बाहर की ओर निकला हुआ है। यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना तुरंत जोगसर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टंकी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और मोहल्ले में शोक का माहौल बना हुआ है।














