


भागलपुर । जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक के समीप जुगाड़ ठेला का संतुलन बिगड़ जाने से एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए मायागंज स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजौन थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी प्रदीप पोद्दार का 17 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार जुगाड़ ठेला पर सवार था। इसी दौरान बलुआचक के पास अचानक ठेला का संतुलन बिगड़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जगदीशपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल किशोर को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल, मायागंज भेजा गया। लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में जगदीशपुर थाना अध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि किशोर की हालत गंभीर होने के कारण उसे मायागंज अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है तथा मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं इलाके में भी इस हादसे को लेकर शोक का माहौल है।















