



भागलपुर के नाथनगर कजरैली थाना क्षेत्र के कंचन गांव में सोमवार को अंधरी नदी के समीप 75 वर्षीय वृद्ध विटानी सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने उन पर दबिया से कई बार हमला किया। मृतक के सिर के पीछे और गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि उनकी हत्या अत्यंत निर्ममता से की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार, कजरैली थाना प्रभारी चनवीर कुमार और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे स्थल की वीडियोग्राफी कराई। वहीं एफएसएल टीम ने मौके से खून के धब्बे व अन्य सबूत एकत्र किए और जांच के लिए अपने साथ ले गई।
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के पुत्र बबलू सिंह और सुभाष सिंह ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले सौखड़ गांव के कुछ युवकों से बांस काटने को लेकर उनके पिता का विवाद हुआ था। उस समय उनके चचेरे भाई ने उन युवकों को डांटकर भगा दिया था। परिजनों का आरोप है कि उसी विवाद के चलते उन युवकों ने उनके पिता की हत्या की है। परिजनों ने बताया कि घटना के समय वे लोग खेत में धान काट रहे थे, तभी सूचना मिली और सभी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पास में दबिया या गड़ासा जैसे धारदार हथियार के उपयोग के स्पष्ट निशान मिले हैं।

इस संबंध में विधि व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि कंचन गांव के 75 वर्षीय विटानी सिंह की हत्या धारदार हथियार से की गई है। वृद्ध के सिर और गले पर गहरे घाव पाए गए हैं। पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है। डीआईईयू की टीम को भी लगाया गया है और बहुत जल्द अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।














