



भागलपुर।
भागलपुर के काजवलीचक इलाके में दो सगे भाइयों के बीच हुई हिंसक झड़प में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई है, जिनका इलाज फिलहाल मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष कुमार खलीफाबाग चौक स्थित एक कपड़े की दुकान में कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि वह सुबह काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उनके छोटे भाई सावन कुमार ने गाली-गलौज शुरू कर दी। संतोष कुमार द्वारा विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि सावन कुमार ने नुकीली वस्तु से अपने बड़े भाई पर हमला कर दिया, जिससे संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर घायल को तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच अलग-अलग चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि सावन कुमार नशे का आदी है, जबकि परिवार वालों ने इस आरोप से इनकार किया है। परिजनों के अनुसार सावन कुमार पिछले चार वर्षों से मानसिक रूप से बीमार है और उसका इलाज चल रहा है। उनका कहना है कि इसी बीमारी के कारण यह घटना हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से छानबीन की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।













