



भागलपुर में आगामी 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर रैलियाँ, जागरूकता अभियान और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन लगातार जारी है। इसी कड़ी में इस बार भागलपुर की प्रसिद्ध काली पूजा विसर्जन शोभायात्रा में भी मतदाता जागरूकता का विशेष संदेश देखने को मिला।

परवत्ती पूजा समिति की ओर से विसर्जन शोभायात्रा के दौरान “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे प्रेरक स्लोगन वाले बैनर पूरे मार्ग में नजर आए। समिति के सदस्य और कार्यकर्ता हाथों में मतदान को प्रेरित करने वाले पोस्टर लेकर श्रद्धालुओं के बीच जागरूकता का संदेश फैला रहे थे। लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास बताया।

जिला प्रशासन का भी मानना है कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना एक प्रभावी और जनसुलभ तरीका है।
गौरतलब है कि भागलपुर की काली पूजा विसर्जन शोभायात्रा पूरे बिहार में प्रसिद्ध है। इस बार इसका उपयोग मतदाता जागरूकता अभियान के रूप में किया गया, जिससे लोगों में मतदान को लेकर उत्साह और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा मिला।
















