


भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कमरगंज दुर्गा मंदिर के पास गंगा नदी में रविवार को एक मासूम बच्ची के डूबने की घटना सामने आई। घटना के बाद से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबह अरविंद पासवान का परिवार बच्चों के साथ गंगा स्नान करने के लिए कमरगंज दुर्गा मंदिर घाट पर आया था। स्नान के दौरान उनकी आठ वर्षीय बेटी गहरे पानी में चली गई और डूब गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने खोजबीन की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की सूचना सुल्तानगंज थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश में जुट गई है। स्थानीय ग्रामीण भी नदी किनारे मौजूद रहकर सहयोग कर रहे हैं। हालांकि देर शाम तक बच्ची का शव बरामद नहीं हो सका था।
इस दर्दनाक घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।












