



नवगछिया जिले में कानून उल्लंघन के मामले में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने तत्काल कड़ी कार्रवाई की है। 6 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 9 बजे नवगछिया पुलिस को सूचना मिली कि जिले में पदस्थ दो पुलिस कर्मियों के बीच आपसी विवाद के दौरान पीटीसी विशाल कुमार सिंह घायल हो गए हैं।
घायल पुलिसकर्मी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है। घटना की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि पुअनि जयराम मांझी और पीटीसी विशाल कुमार सिंह के बीच पूर्व में पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण पुअनि जयराम मांझी ने चाकू से हमला कर विशाल कुमार सिंह को घायल कर दिया। इसके आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 50/26 दर्ज कर पुअनि जयराम मांझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

साथ ही दोनों पुलिस कर्मियों के शराब सेवन की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर परीक्षण किया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इस पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 48/26 और 49/26 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। दोनों का मेडिकल परीक्षण भी किया गया और ब्लड सैंपल लिए गए।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश की जांच रिपोर्ट के आधार पर पुअनि जयराम मांझी और पीटीसी विशाल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
नवगछिया पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपने कर्मियों से उच्चतम अनुशासन, कर्तव्यपरायणता और कानून के अनुपालन को सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। सेवा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, कर्तव्यहीनता या कानून उल्लंघन के प्रति विभाग की शून्य सहनशीलता नीति यथावत जारी रहेगी।
















