



भागलपुर के कांवरिया पथ पर प्रसिद्ध गायिका स्नेहा सरगम ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। उनके मधुर स्वर और ऊर्जा से भरे गायन पर श्रद्धालु झूमने लगे। स्नेहा सरगम ने बाबा भोलेनाथ के कई लोकप्रिय भजन प्रस्तुत किए, जिससे पूरे पंडाल में श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बन गया।

यह आयोजन सावन महीने के दौरान हर साल कहलगांव के कांवरिया पथ पर शिविर लगाकर किया जाता है, जिसमें श्रद्धालुओं के मनोरंजन और धार्मिक भावना को जागृत करने के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इस वर्ष भी सीमावर्ती इलाकों बांका और भागलपुर के श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि मंच पर महागठबंधन और एनडीए दोनों खेमों के नेता एक साथ मौजूद थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रवीण सिंह कुशवाहा, भागलपुर के जदयू सांसद अजय मंडल और बांका के कई एनडीए नेता कार्यक्रम में शामिल हुए।
आयोजकों ने सभी नेताओं को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर धार्मिक एकता के साथ-साथ राजनीतिक सद्भाव का भी संदेश देखने को मिला।
कार्यक्रम में जुटी भीड़ और उमंग ने यह साबित कर दिया कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर एकजुटता का संदेश भी दिया जा सकता है।













