



सुल्तानगंज – सावन मेले के दौरान कांवरियों की सुरक्षा में तैनात आपदा मित्र अभय राज का शव मंगलवार की शाम गंगा नदी से बरामद कर लिया गया। 12 जुलाई की रात ड्यूटी के दौरान गंगा नदी में डूबे अभय राज की खोजबीन लगातार 72 घंटे से जारी थी, जो मंगलवार शाम करीब 4 बजे जाकर समाप्त हुई।
नगर परिषद सुल्तानगंज के वार्ड संख्या 24 स्थित शाहाबाद निवासी पप्पू शर्मा के 23 वर्षीय पुत्र अभय राज नमामि गंगे घाट पर आपदा मित्र के पद पर कार्यरत थे। ड्यूटी के दौरान वह अचानक गंगा की धारा में लापता हो गए थे, जिसके बाद से नगर परिषद, SDRF और स्थानीय पुलिस की टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई थी।

नगर परिषद की सुरक्षा नौका टीम 2 के सदस्य सूरज कुमार ने बताया कि मंगलवार को जेट्टी के नीचे एक शव फंसा होने की सूचना सभापति राजकुमार गुड्डू को दी गई। सूचना मिलते ही सभापति ने थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार और SDRF टीम को इसकी जानकारी दी। तत्पश्चात, बड़ी नाव की मदद से जेट्टी को गंगा की धार में ले जाया गया और शव को मुक्ति धाम के किनारे लाया गया।

शव की पहचान अभय राज के रूप में की गई। खबर मिलते ही परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। अपने बेटे का शव देखकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
नगर सभापति राजकुमार गुड्डू ने कहा कि वे लगातार शव की खोज में लगे रहे और अंततः SDRF टीम के सहयोग से अभय का शव बरामद हो पाया। उन्होंने अभय राज के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि इस कठिन समय में भगवान से परिजनों को शक्ति देने की प्रार्थना करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से यथाशीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
थाना अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और सभी आवश्यक कागजी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।














