



नारायणपुर. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) अनिमेष कुमार झा बिजली के तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जाता है कि नगरपारा निवासी अनिमेष कुमार झा किसी कार्य के दौरान अचानक बिजली प्रवाहित तार के संपर्क में आ गए, जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

वहीं दूसरी घटना में नारायणपुर गांव निवासी नरेश प्रसाद यादव (78) को एक आवारा सांड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया गया कि वृद्ध अपने घर के दरवाजे के पास खड़े थे, तभी अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे जमीन पर गिरकर जख्मी हो गए।

परिजनों और स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज (भागलपुर) रेफर कर दिया। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है।















