



भागलपुर : भारतीय सेना के जांबाज अधिकारी लेफ्टिनेंट अरुण कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद भागलपुर के सुल्तानगंज पहुंचने पर उनका भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कारगिल युद्ध, अनंतनाग तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में अपनी सेवा दे चुके लेफ्टिनेंट अरुण कुमार के सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पहुंचते ही पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।

सैनिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और ‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ सेवानिवृत्त अधिकारी का जोरदार अभिनंदन किया। स्वागत समारोह को विशेष बनाने के लिए दर्जनों घोड़ों के साथ लोग स्टेशन पहुंचे, जिससे यह दृश्य अत्यंत आकर्षक और यादगार बन गया। बड़ी संख्या में लोग अपने इस वीर सपूत की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट अरुण कुमार ने कहा कि उन्हें लगभग 30 वर्षों तक भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका राष्ट्रसेवा का संकल्प कायम रहेगा और वे समाज सेवा के माध्यम से देश के लिए योगदान देते रहेंगे।
सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित यह स्वागत समारोह न केवल एक सैनिक के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि यह संदेश भी दिया कि देश अपने वीर जवानों के त्याग और समर्पण को कभी नहीं भूलता।















