



भागलपुर : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), भागलपुर द्वारा शहर में एक भव्य मशाल जुलूस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो के भागलपुर जिला अध्यक्ष संतोष कुमार ने किया।

यह जुलूस घंटाघर चौक से प्रारंभ होकर भामाशाह चौक, अग्रसेन चौक होते हुए आंबेडकर चौक (स्टेशन चौक) तक गया। जुलूस में बड़ी संख्या में युवा हाथों में मशाल लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष करते हुए शामिल हुए।
इसके बाद, रेड क्रॉस रोड स्थित आकाशवाणी चौक पर शहीद कैप्टन निर्भय कुमार सिंह के आवास पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने एकत्र होकर वीर सपूतों को नमन किया और उनकी शहादत को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे और शहीदों की वीरता को सलाम किया। माहौल देशभक्ति से ओतप्रोत था और उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं, पर गर्व से भरी हुईं।

कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा, भागलपुर के अध्यक्ष आशीष पांडे ने कहा कि यह आयोजन शहीदों के प्रति हमारी श्रद्धांजलि और उनके बलिदान को याद करने का एक अवसर है।













