



नवगछिया । कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय सैदपुर में रविवार की देर रात सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ा विवाद सामने आया। इंटरस्तरीय प्रोजेक्ट कन्या विद्यालय के छात्रावास टाइप फोर में अंशकालिक शिक्षिका ब्यूटी कुमारी की महिला रिश्तेदार ने गार्ड और आदेशपाल सुनीता सिंह को थप्पड़ मार दिया।

जानकारी के अनुसार, शिक्षिका ब्यूटी कुमारी छात्रावास का दरवाजा खटखटाकर अपने महिला और पुरुष रिश्तेदारों को अंदर ले जाने की जिद करने लगी। नियम के अनुसार पुरुष रिश्तेदारों को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इस दौरान महिला रिश्तेदार ने गार्ड सुनीता सिंह को कान में थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद कुछ देर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रसोइया और वार्डन महोदया मौके पर पहुंच कर स्थिति को शांत कर दिया।

प्रभारी वार्डन ने बताया कि किसी भी परिस्थिति में रात्रि में पुरुषों को छात्रावास में प्रवेश की अनुमति नहीं है। संचालक सह प्रभारी प्रधानाचार्य रमेश चन्द्र यादव ने कहा कि वरीय अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वहीं अंशकालिक शिक्षिका ब्यूटी कुमारी ने कहा कि मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई।
घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी में रिकॉर्ड है, और छात्रावास में मौजूद छात्रा ने विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षक पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।













