



भागलपुर जिले के मासाडू गांव में गंगा कटाव से प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में बीते पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे आशीष मंडल की तबीयत रविवार को अचानक बिगड़ गई। आंदोलन को उन्होंने ‘जितिया अनशन’ नाम दिया था और पूरी निष्ठा के साथ भूख हड़ताल जारी रखी थी।
तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई। जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की व्यवस्था कर उन्हें भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, मायागंज में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

आशीष मंडल गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल मंडल के पुत्र हैं। वे कटाव प्रभावितों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक कटाव पीड़ितों को न्याय और मुआवजा नहीं मिलेगा, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

हालांकि प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल के संकेत मिले हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस आश्वासन सामने नहीं आया है। ग्रामीणों ने दोहराया कि वे आशीष मंडल के इस संघर्ष में पूरी तरह साथ हैं और मांग पूरी होने तक पीछे नहीं हटेंगे।












