



नवगछिया : कटिहार-बरौनी रेलखंड के सभी स्टेशनों के निरीक्षण के दौरान डीआरएम कटरिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस अवसर पर सैकड़ों ग्रामीण, रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भाजपा युवा मोर्चा के सदस्य मौजूद थे और उन्होंने डीआरएम का सामूहिक रूप से स्वागत किया।

डीआरएम ने स्टेशन में सभी कर्मचारियों के साथ रूटीन निरीक्षण किया और ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान रेलवे सलाहकार समिति के सदस्यों ने नौ सूत्री मांग का ज्ञापन सौंपकर स्टेशन की समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन में अतिरिक्त यात्री शेड का निर्माण, प्रतीक्षालय की सुविधा, ई-पेमेंट सुविधा और अन्य स्टेशनों से कटरिया स्टेशन पर टिकट न मिलने जैसी समस्याओं को शामिल किया गया।

भाजपा युवा मोर्चा के रंगरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अनुराग आर्य ने डीआरएम को बताया कि कटिहार-बरौनी रेलखंड के कटरिया स्टेशन पर क्षेत्र की 10 पंचायतों की एक लाख 30 हजार से अधिक आबादी रेल यात्रा के लिए निर्भर है। उन्होंने स्टेशन के दोनों ओर कई सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान होने के कारण फुट ओवरब्रिज के निर्माण की आवश्यकता बताई। साथ ही उन्होंने 15713/14 कटिहार-पटना इंटरसिटी और सियालदह-हाटेबाजार एक्सप्रेस का स्टेशन पर ठहराव और अन्य सुविधाओं पर ध्यान देने की मांग की।
इस अवसर पर सधुआ चापर पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि ब्रजकिशोर कुमार ने भी ज्ञापन सौंपा। मौके पर रेलवे सलाहकार समिति के गौरव सिंह, हिमांशु झा, अजय पासवान, स्टेशन अधीक्षक दीपक कुमार, भाजपा युवा मोर्चा रंगरा पूर्वी मंडल अध्यक्ष अनुराग आर्य और कोषाध्यक्ष बेचन कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
















