



नवगछिया : 24 जनवरी से 26 जनवरी तक संस्था के अंतर्गत संचालित कौशल सिलाई केंद्र में दिल्ली से आए समाजसेवी विशेषज्ञों द्वारा सघन सर्वेक्षण एवं कौशल जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना एवं सिलाई कौशल को और अधिक सुदृढ़ बनाना रहा।

24 जनवरी को सिलाई में दक्ष लगभग 50 प्रशिक्षित दीदियों के साथ भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत विमर्श किया गया। इसके साथ ही करीब 50 प्रशिक्षु महिलाओं ने भी सर्वेक्षण प्रक्रिया में भाग लिया। 25 जनवरी को संस्था में प्रशिक्षणरत लगभग 100 महिलाओं के साथ सिलाई कौशल में दक्षता बढ़ाने तथा जीविकोपार्जन के अवसरों को लेकर पुनः विचार-विमर्श किया गया।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर संस्था की संरक्षक बबीता कुमारी (अधिवक्ता) द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सिलाई प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित किया गया, वहीं प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली लगभग 20 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

समारोह में काशी फाउंडेशन की ओर से निर्भय एवं भानु जी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के प्रख्यात वंशी वादक श्री राजीव जी की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही उनके प्रेरक मार्गदर्शन से उपस्थित महिलाओं को नई ऊर्जा मिली। इस अवसर पर मुकेश राणा जी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। संस्था की ओर से आयुष आनंद, तरुण जी एवं ज्योतिष जी का सहयोग भी सराहनीय रहा।

उल्लेखनीय है कि विगत दो वर्षों से यह संस्था स्वतंत्रता सेनानी स्व. सुरेन्द्र नारायण चौधरी (श्याम बाबू) एवं जेपी सेनानी स्व. सत्येन्द्र नारायण चौधरी ‘कौशल बाबू’ की स्मृति में नवगछिया, भागलपुर क्षेत्र में जरूरतमंद महिलाओं के लिए निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण की व्यवस्था कर रही है। अब तक इस पहल से लगभग 1000 महिलाएं लाभान्वित हो चुकी हैं।














