



नवगछिया । खरीक थाना क्षेत्र के ग्राम झांव में शुक्रवार की शाम करीब सात बजे पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही दो युवकों ने 12 वर्षीय किशोर आदित्य कुमार की धारदार हथियार (पसियानी) से गला रेतकर हत्या कर दी। मृतक झांव वार्ड संख्या-2 निवासी वशिष्ट साह का पुत्र था। घर से कुछ ही दूरी पर गड्ढे से उसका शव बरामद हुआ, जिससे पूरे गांव में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही खरीक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र एक घंटे के अंदर दोनों आरोपियों — रामु मंडल (पिता कैलाश मंडल) और नीतीश ठाकुर (पिता सुदिन ठाकुर) — को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार किया और घटना में प्रयुक्त हथियार पसियानी भी पुलिस ने बरामद कर लिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक आदित्य मध्य विद्यालय झांव में छठी कक्षा का छात्र था। शुक्रवार को विद्यालय से लौटने के बाद वह शाम पांच बजे गांव के शिक्षक शंभु मंडल के यहां कोचिंग पढ़ने गया था। कोचिंग से लौटते समय शाम छह बजे के करीब गांव के ही दोनों आरोपियों ने समोसा खिलाने के बहाने उसे अपने साथ बुलाया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। देर शाम जब आदित्य घर नहीं पहुंचा तो परिवार ने खोजबीन शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने छानबीन के दौरान दोनों आरोपियों को झांव स्थित उनके गुप्त ठिकाने से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की बात कबूल की और बताया कि शव को घर से कुछ दूरी पर गड्ढे में फेंक दिया गया है। पुलिस ने देर रात शव बरामद किया, जिसके पास किताब, कॉपी और चप्पल पड़ी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेजा गया।

शनिवार की सुबह घटना की जानकारी फैलते ही गांव में सनसनी मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश, खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार, नदी थानाध्यक्ष केशव चंद्र, परबत्ता थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार और बिहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम के सहयोग से साक्ष्य संकलन किया।
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि करीब तीन महीने पहले आरोपी रामु मंडल ने आदित्य की बहन के नाम एक प्रेम पत्र लिखा था, जिसे आदित्य ने अपने पिता को दिखा दिया था। उसके बाद पिता वशिष्ट साह ने इस शिकायत की जानकारी रामु के परिवार को दी थी। इस घटना से रामु की गांव में बेइज्जती हुई थी। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने अपने साथी नीतीश ठाकुर के साथ मिलकर बदले की नीयत से हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद मृतक के घर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मां संतोषी देवी, पिता वशिष्ट साह और बहनें दहाड़ मारकर रो रही हैं। आदित्य दो भाइयों और पांच बहनों में सबसे छोटा था। पिता खेती करते हैं और बड़ा भाई मजदूरी करता है।
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि पूर्व विवाद को लेकर हत्या की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मृतक के पिता के बयान पर खरीक थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
















