



भागलपुर। खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भागलपुर जिले के छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी द्वारा शॉल, घड़ी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
पुरस्कृत खिलाड़ियों में एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक विजेता खुशी यादव, थांग-ता में स्वर्ण पदक विजेता मोहिका कुमारी, कांस्य पदक विजेता भौमिक राज और सुवाक्षी सरगम, एथलेटिक्स में रजत पदक विजेता दिव्यांशु कुमार राज तथा राइफल शूटिंग में कांस्य पदक विजेता दिव्या श्री शामिल रहीं। दिव्या श्री की अनुपस्थिति में उनके पिता वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद ने पुरस्कार ग्रहण किया, जबकि दिव्यांशु कुमार राज का पुरस्कार उनके प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार मणि ने प्राप्त किया।
थांग-ता खेल में बिहार ओवरऑल चैंपियन रहा और भागलपुर को तीन पदक मिले, जिसमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है। इस उपलब्धि के लिए उनके प्रशिक्षक विकास कुमार को बेस्ट प्रशिक्षक का पुरस्कार जिलाधिकारी द्वारा प्रदान किया गया।

इस अवसर पर 14 मई तक लगातार उत्कृष्ट प्रेस कवरेज करने वाले जिले के लगभग 50 वरीय संवाददाता, छायाकार और कैमरामैन को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता दिनेश राम, संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला खेल पदाधिकारी जय नारायण सिंह, वरीय उप समाहर्ता मिथिलेश प्रसाद सिंह तथा वरीय कोषागार पदाधिकारी देवेंद्र प्रसाद सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।













