



नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र के अठनिया गांव में सोमवार की दोपहर करीब 12:30 बजे अज्ञात अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान परबत्ता थाना क्षेत्र के बहतरा वार्ड संख्या-18 निवासी घोघन मंडल (उम्र 45 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामेश्वर मंडल के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किसान घोघन मंडल अपने खेत की जोताई कर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अठनिया गांव के समीप अज्ञात हमलावरों ने उनके सीने में नजदीक से गोली मार दी। गोली दाईं ओर सीने में लगी और पीठ के बाईं ओर से निकल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगने के तुरंत बाद घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया गया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन किया।

नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों व परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। पुलिस को प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते हुए अनुमंडल अस्पताल पहुंचे। मृतक के बड़े पुत्र कुंदन कुमार ने बताया कि उनके पिता ट्रैक्टर लेकर खेत से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अपराधियों ने गोली मार दी।

बताया जा रहा है कि घोघन मंडल अपने परिवार का भरण-पोषण ट्रैक्टर चलाकर और खेतीबाड़ी करके करते थे। परिवार में चार पुत्र और चार पुत्रियां हैं, जिनमें तीन पुत्रियां और चारों बेटे अविवाहित हैं। मृतक घर में इकलौते कमाने वाले थे, उनकी हत्या से परिवार पर आर्थिक संकट गहराने लगा है।
मृतक की पत्नी, बेटे-बेटियां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद बहतरा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
खरीक थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि अठनिया गांव में एक किसान को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। उन्हें एक गोली सीने में लगी थी। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के परिवार से अब तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।













