



नवगछिया : किलकारी बिहार बाल भवन, पटना के तत्वावधान में किलकारी, सैदपुर स्थित बॉल बैडमिंटन कोर्ट पर आयोजित द्वितीय किलकारी बॉल बैडमिंटन प्रीमियर लीग का खिताब किलकारी टाइगर्स ने अपने नाम कर लिया।

फाइनल मुकाबले में किलकारी टाइगर्स ने कड़ी टक्कर देते हुए किलकारी टाइटंस को 35-25, 23-35, 35-27 से हराया। विजेता टीम की ओर से आदित्य, दीनानाथ, दिव्या और संध्या ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि उपविजेता टाइटंस की ओर से सलोनी और सूर्या ने भी दमदार खेल दिखाया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में किलकारी टाइटंस ने किलकारी लायंस को 35-31, 35-29 से हराया, जबकि किलकारी टाइगर्स ने किलकारी चैलेंजर्स को 35-26, 35-27 से पराजित किया। किलकारी लायंस और किलकारी चैलेंजर्स को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।

बिहार बॉल बैडमिंटन संघ के सचिव गौरी शंकर ने जानकारी देते हुए बताया कि विजेता, उपविजेता एवं तीसरे स्थान पर रही टीमों को 28 जून को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। इस संबंध में जानकारी राज्य प्रवक्ता ज्ञानदेव कुमार ने दी।













