



102 लाख रुपये का ऋण वितरण और जीविका कर्मियों को किया गया सम्मानित
नवगछिया । किसान दिवस के अवसर पर नवगछिया के बैंक ऑफ इंडिया भवानीपुर शाखा परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों की आर्थिक सशक्तिकरण और उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से बैठक सह ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक राकेश ने की। इस अवसर पर एसकेवीके प्रभारी सुमन कुमार, वरिष्ठ शाखा प्रबंधक मनीष कुमार सिंह, भवानीपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार, जीविका बीपीएम रंगरा बी बी झा और क्षेत्र समन्वयक बिरजू कुमार की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जीविका से जुड़ी महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, जीविका के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, सह-सह-सदस्य, बैंक मित्र और अन्य ग्रामीण सहभागी मौजूद रहे। शिविर का उद्देश्य किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना, उन्हें ऋण सुविधा से जोड़ना और कृषि को लाभकारी बनाना था।

इस अवसर पर क्षेत्र प्रबंधक दीपक राकेश द्वारा स्वयं सहायता समूहों को 52 लाख रुपये तथा किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत किसानों को 50 लाख रुपये का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। कुल मिलाकर 102 लाख रुपये की राशि का वितरण किया गया, जिससे किसानों और समूहों को अपनी कृषि गतिविधियों और आजीविका सुधारने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र प्रबंधक द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष में किए गए उत्कृष्ट लिंकेज कार्य और ऋण वसूली में उल्लेखनीय योगदान देने वाले जीविका के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और सहयोगियों को सम्मानित भी किया गया। उन्हें प्रशंसा पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर प्रोत्साहित किया गया। यह पहल जीविका कर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा।
कार्यक्रम में क्षेत्र प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं, और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बैंक और जीविका मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से हम अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़कर उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाना चाहते हैं।
इस आयोजन ने न केवल किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई बल्कि उन्हें सम्मानित कर यह संदेश भी दिया कि उनकी मेहनत और योगदान समाज के लिए अमूल्य है। भवानीपुर शाखा द्वारा किया गया यह आयोजन निश्चित रूप से ग्रामीण क्षेत्र में विकास और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।













