



नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र में रंगदारी और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। लतरा गांव निवासी किसान नीरज कुमार ने थाना में लिखित आवेदन देकर कुछ लोगों पर बगीचे की जुताई के दौरान दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने, हथियार दिखाकर धमकाने और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित नीरज कुमार, पिता रामोतार प्रसाद यादव ने अपने आवेदन में बताया है कि वह अपने हिस्से के बगीचे की जुताई कराने जा रहे थे। इसी दौरान विनय यादव के खेत के पास पहुंचते ही कुछ लोगों ने उनका ट्रैक्टर रोक दिया।
आवेदन के अनुसार, सुभाष कुमार, रूपेश कुमार और निवास कुमार, तीनों पिता चंदेश्वरी यादव तथा बम बम यादव उर्फ राहुल कुमार, पिता सिकंदर यादव ने रास्ता रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि सभी ने हथियार लहराते हुए कहा कि यदि बगीचे की जुताई करनी है तो पहले दस लाख रुपये रंगदारी के रूप में देने होंगे।

पीड़ित ने जब रंगदारी देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने लाठी, मुक्का और हथियार के बूट से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने ट्रैक्टर को आगे बढ़ने से भी रोक दिया। स्थिति बिगड़ती देख पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागने में सफल रहा।

घटना के बाद किसान नीरज कुमार ने गोपालपुर थाना पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।















