



नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोर और किशोरी के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर गुरुवार रात से ही हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जानकारी के अनुसार, दोनों ने गांव के शिव मंदिर में रात के समय शादी कर ली। शादी के बाद लड़का जब लड़की को लेकर अपने घर पहुंचा, तो लड़के के परिवार ने इस पर आपत्ति जताई। लड़की और लड़के को एक कमरे में बंद कर, लड़के की मां ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लड़का और लड़की को थाने ले आयी। इसके बाद, रातभर दोनों पक्षों के परिवारों का जमावड़ा थाने में लगा रहा। शुक्रवार की शाम को नवगछिया थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवा दिया। समझौते के तहत दोनों पक्षों ने सहमति दी कि लड़का और लड़की बालिग होने तक अपने-अपने घरों में रहेंगे।
थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच समझौता हो गया और दोनों पक्ष अपने-अपने नाबालिग बच्चों को घर लेकर चले गए।














