



भागलपुर। ठंड के साथ-साथ घने कोहरे का असर अब रेल परिचालन पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। उत्तर भारत सहित अन्य राज्यों से भागलपुर आने वाली अधिकांश ट्रेनें भारी विलंब से अपने गंतव्य तक पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दिल्ली, गुजरात और मुंबई से चलने वाली लंबी दूरी की ट्रेनें 5 से 6 घंटे की देरी से भागलपुर पहुंच रही हैं।

घने कोहरे के कारण ट्रेनों की गति नियंत्रित कर दी गई है, जिससे समय पर परिचालन प्रभावित हुआ है। दिल्ली से आने वाली विक्रमशिला एक्सप्रेस, भटिंडा–बालूघाट फरक्का एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें निर्धारित समय से काफी देर से भागलपुर स्टेशन पहुंचीं। ट्रेनें लेट होने से स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और प्रतीक्षालयों में लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
लेट ट्रेनों के कारण यात्रियों की आगे की यात्रा योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई यात्रियों ने बताया कि उन्हें बस या अन्य साधनों से अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त कठिनाई और खर्च उठाना पड़ रहा है। ठंड और कोहरे के बीच प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।

रेल प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घने कोहरे के दौरान ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित की जाती है, जिससे विलंब होना स्वाभाविक है। मौसम साफ होते ही परिचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिलहाल यात्रियों को यात्रा से पूर्व ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।














