



नवगछिया । आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 और पर्व-त्योहारों के मद्देनज़र नवगछिया पुलिस मादक पदार्थ एवं अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में गुरुवार को नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। नवगछिया थाना पुलिस टीम ने जीरो माइल के पास वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके ट्रॉली बैग से 10 पैकेटों में रखा कुल 9.9 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता निवासी इंद्रदेव मंडल, पिता झाड़नी मंडल के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि गांजा उसे उसी थाना क्षेत्र के घनश्याम मंडल उर्फ घंटा नामक व्यक्ति ने दिया था। आरोपी ने बताया कि वह इस गांजे को बेचने के लिए राजस्थान के हनुमानगढ़ जा रहा था। पुलिस ने उसके पास से अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन की फर्स्ट क्लास एसी टिकट, एक मोबाइल फोन और 2040 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में नवगछिया थाना कांड संख्या 340/25, धारा 8/20(बी)(ii)(बी)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश और बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में जुटी है।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि चुनावी मौसम और त्योहारी अवधि में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। जिले के सभी थानों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।















