0
(0)

भागलपुर जिले के बबरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सरयू देवी बालिका उच्च विद्यालय की दसवीं कक्षा की छात्राएं जिया और सोनाक्षी के लापता होने का मामला अब सुलझ गया है। दोनों छात्राएं सुरक्षित बरामद कर ली गई हैं और मुंबई से लौटकर भागलपुर पहुंच चुकी हैं।

बताया गया कि 8 जनवरी को दोनों छात्राएं अपने घर से एडमिट कार्ड लाने के उद्देश्य से विद्यालय आई थीं, लेकिन इसके बाद वे घर नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने पर बबरगंज थाना पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देश पर विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया तथा अन्य राज्यों की पुलिस से भी संपर्क कर तलाश तेज की गई।

लगातार छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान के बावजूद प्रारंभ में पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी। इसी दौरान 31 जनवरी को मुंबई स्थित चाइल्ड हेल्प सोसाइटी से वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि दोनों छात्राएं वहां सुरक्षित हैं।

सूचना मिलते ही परिजनों को बुलाकर वीडियो कॉल के माध्यम से छात्राओं की पहचान कराई गई, जिसमें पुष्टि हुई कि वही जिया और सोनाक्षी हैं। इसके बाद भागलपुर पुलिस की एक टीम परिजनों के साथ मुंबई रवाना हुई और दोनों छात्राओं को सुरक्षित भागलपुर लेकर आई।

भागलपुर पहुंचने के बाद दोनों छात्राओं की सदर अस्पताल में चिकित्सकीय जांच कराई गई। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि जिया और सोनाक्षी अपनी इच्छा से घर से निकली थीं। वे भागलपुर से पटना गईं और वहां से दादर ट्रेन सेवा के माध्यम से मुंबई पहुंचीं।

उन्होंने बताया कि आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों छात्राओं का बयान व्यवहार न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा। न्यायालय में दिए गए बयान के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वे किन परिस्थितियों में मुंबई पहुंचीं और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति क्या रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: