



नवगछिया लोजपा रामविलास के जिला अध्यक्ष और सधुआ निवासी अवधेश पासवान का शुक्रवार देर रात हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
भागलपुर, नवगछिया सहित आसपास के क्षेत्रों से अनेक राजनीतिक और सामाजिक गणमान्य लोग उनके सधुआ स्थित पैतृक आवास पहुंचे और अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्री का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी गांव के मध्य विद्यालय में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं।

अवधेश पासवान शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े रहे। वे चापरहाट हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद उन्होंने वकालत के पेशे और लोजपा में सक्रिय राजनीति के माध्यम से समाज में योगदान दिया। लगभग दो दशक पूर्व रंगरा को प्रखंड का दर्जा दिलाने और बंधुआ चापर पंचायत में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका रही।

लोजपा प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ नेता सुरेश भगत ने कहा कि अवधेश पासवान केवल जन नेता ही नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों तथा गरीब वर्ग की आवाज रहे। वे हर सामाजिक कार्य में आगे रहते थे। वहीं प्रोफेसर डॉ. मुकेश कुमार विजेता ने कहा कि उनके निधन से सधुआ चापर पंचायत को अपूरणीय क्षति हुई है।
उनके निधन पर पूर्व सांसद एवं गोपालपुर से जदयू प्रत्याशी बुलो मंडल, लोजपा प्रदेश महासचिव सुरेश भगत, प्रखंड प्रमुख मोती यादव, प्रो. डॉ. मुकेश विजेता, चापरहाट हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक मनोज कुमार, समाजसेवी राजकिशोर आर्य, विजेंद्र कुमार, विभाष चंद्र विभूति, हनुमान मंडल सहित कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
















