


भागलपुर । जिलाधिकारी डॉक्टर नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को एलपीजी आपूर्तिकर्ता कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधकों के साथ गैस आपूर्ति की स्थिति को लेकर बैठक आहूत की गई। बैठक में इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधक रमन गौतम ने बताया कि भागलपुर में एलपीजी गैस की कोई किल्लत नहीं है। अमूमन हमारे पास एक दिन का बैकलॉग रहता है। लेकिन अभी 3 दोनों का बैकलॉग है। उन्होंने कहा कि औसतन 10 हजार सिलेंडर प्रतिदिन के लिए स्टॉक रहता है लेकिन अभी 18 से 20 हजार सिलेंडर स्टॉक में है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि लोग खड़ी देश में उत्पन्न संकट को लेकर सुरक्षा की भावना से पैनिक होकर बुकिंग कर रहे हैं । जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। बैठक में एचपीसीएल के वरीय क्षेत्रीय प्रबंधक शाहनवाज अनवर, भारत पेट्रोलियम के क्षेत्रीय प्रबंधक इंद्रनील अग्रवाल ने बताया कि घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है। कमर्शियल गैस पर ग्राहक सत्यापन के लिए रोक लगाई गई है। डोमेस्टिक गैस की आपूर्ति का 2 से 3% ही कमर्शियल गैस की आपूर्ति की जाती है। सत्यापित उपभोक्ताओं के लिए कमर्शियल गैस की आपूर्ति जारी है, जैसे पुलिस लाइन, एएनएम, जीविका, टाटा स्टील को कमर्शियल गैस की आपूर्ति की जा रही है। इसका गलत अर्थ नहीं निकाला जाए। घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और ऑनलाइन बुकिंग भी जारी है। इसलिए एलपीजी गैस को लेकर किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। बैठक में जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देशित किया कि गैस एजेंसी से वैसे गैस गोदाम की सूची प्राप्त की जाए जहां भीड़ हो रही है। उन गोदामों पर दंडाधिकारी की तैनाती की जाएगी।















