


भागलपुर। भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र में लूडो खेलने के दौरान हुई ऋषभ झा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, एक खोखा तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि 9 मार्च की शाम ऋषभ झा को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल ऋषभ को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल मायागंज अस्पताल) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि मृतक ऋषभ झा अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर लूडो खेल रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी विवाद हो गया और उसी समय सौरभ नामक युवक ने अचानक हथियार निकालकर ऋषभ पर गोली चला दी।
गोली चलने के बाद सभी युवक घबरा गए और घायल ऋषभ को अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, घटना की सूचना तत्काल पीरपैंती थाना की पुलिस को नहीं दी गई। बाद में जब अस्पताल में इलाज के दौरान ऋषभ की मृत्यु हो गई, तब बरारी थाना की पुलिस ने इस घटना की सूचना पीरपैंती पुलिस को दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक का मित्र सौरभ शुरू में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। उसने पुलिस को बताया था कि वह और ऋषभ मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी नकाबपोश अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सौरभ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
सौरभ की निशानदेही पर पुलिस ने भानु, प्रीतम, राहुल और दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी युवक एक साथ बैठकर लूडो खेल रहे थे और उसी दौरान यह घटना हुई।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।














