


भागलपुर। भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र के रिवरसाइड इलाके में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार सन्हौला थाना क्षेत्र के रिवरसाइड निवासी चंदन कुमार ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर बताया है कि वह स्व. सुभाष मंडल का पुत्र है और अपने परिवार के साथ उसी इलाके में रहता है। चंदन कुमार के अनुसार 6 मार्च की रात करीब आठ बजे उसकी मां घर में खाना बना रही थी। उसी दौरान पड़ोसी रामधनी मंडल की बकरी उनके घर में घुस गई और आटा खाने लगी। जब उसकी मां ने बकरी को भगाने की कोशिश की तो इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि इसके बाद रामधनी मंडल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ चंदन कुमार के घर पहुंच गया और उसकी मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। चंदन कुमार ने अपने आवेदन में कहा है कि रामधनी मंडल, उसकी पत्नी अनीता देवी, गोलू मंडल और राहुल कुमार ने मिलकर उसकी मां के साथ बदसलूकी की और मारपीट शुरू कर दी।
परिवार के अनुसार जब शोर सुनकर चंदन कुमार के पिता सुभोध मंडल बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सभी ने मिलकर सुभोध मंडल की बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पीड़ित परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर उन्हें मदद मिल जाती तो शायद सुभोध मंडल की जान बचाई जा सकती थी।
पीड़ित चंदन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में चारों आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके पिता की मौत के लिए आरोपित ही जिम्मेदार हैं।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।















