


भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में मछली मारने से मना करने पर पंचायत के मुखिया के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। मथुरापुर पंचायत के मुखिया मंतोष कुमार महलदार ने शिवनारायणपुर थाना में लिखित आवेदन देकर पांच नामजद समेत दस अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के भोरंग पोखर के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पोखर में कुछ लोग मछली मार रहे थे। इसी दौरान मुखिया मंतोष कुमार महलदार वहां पहुंचे और उन्हें मछली मारने से मना किया। आरोप है कि इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गुस्साए लोगों ने मुखिया को पकड़कर कीचड़ में पटक-पटक कर पिटाई कर दी।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। वीडियो में कुछ लोग मुखिया को कीचड़ में गिराकर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद घायल अवस्था में मुखिया मंतोष कुमार महलदार शिवनारायणपुर थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने लिखित आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं शिवनारायणपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मुखिया की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।















