



नवगछिया : 10 अक्टूबर 2025 को मद्यनिषेध थाना नवगछिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कोडिन युक्त कफ सिरप की भारी खेप बरामद की। पुलिस टीम ने नवगछिया थाना क्षेत्र के तुलसीपुर मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान एक बोलेरो पिकअप (संख्या BR 51G 9309) को रोककर तलाशी ली। जांच में वाहन से 84 पेटी कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद हुई, जिसमें प्रत्येक पेटी में 140 बोतलें (प्रत्येक 100 एमएल) पाई गईं।

कुल 11,760 बोतलें यानी लगभग 1176 लीटर कफ सिरप जब्त की गई, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹19,28,640 आंकी गई है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है — गौरव कुमार ठाकुर (24 वर्ष), पिता-प्रवीण ठाकुर, निवासी-चदपुरा वार्ड संख्या 15, थाना-बाराहाट, जिला-बांका तथा संजीव कुमार (23 वर्ष), पिता-रामशंकर पंडित, निवासी-भंगा वार्ड संख्या 12, थाना-बाराहाट, जिला-बांका।

गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सके। इस अभियान में थानाध्यक्ष के निर्देश पर एएसआई अर्जुन कुमार महतो, मद्यनिषेध सिपाही तथा गृह रक्षक बल के जवानों की सक्रिय भूमिका रही। मद्यनिषेध विभाग, भागलपुर द्वारा जिले में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के विरुद्ध निरंतर सघन अभियान चलाया जा रहा है ताकि पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।














