5
(3)

रंगरा थाना क्षेत्र में गला रेतकर की गई हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र में घटित एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर उद्भेदन कर लिया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

घटना 8 अगस्त 2025 की सुबह लगभग 7 बजे की है, जब रंगरा थाना क्षेत्र के मदरौनी महंत स्थान के समीप सहोड़ा गांव निवासी छोटू रजक, पिता रामदेव रजक (उम्र 36 वर्ष) की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा पुलिस सक्रिय हुई। नवगछिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ओमप्रकाश ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। साथ ही डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

मृतक के पिता रामदेव रजक के आवेदन पर रंगरा थाना में कांड संख्या 188/25, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया, जिसमें तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई जिसमें 1. प्रमोद रजक उर्फ कैलाश रजक उर्फ कैला, पिता सुरेश रजक, निवासी सहोड़ा, 2. उदय सिंह, पिता लखन सिंह 3. मनीष रजक, पिता जगदंबे रजक

तीनों अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि मृतक छोटू रजक और प्रमोद उर्फ कैला के बीच पूर्व से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 7 अगस्त की रात को तीनों ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से मृतक को घर से बुलाया, उसे शराब पिलाई और नशे की हालत में धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार को घटनास्थल के पास स्थित एक खेत से बरामद भी कर लिया है।

छापेमारी दल में रंगरा थाना प्रभारी पुअनि अभिषेक कुमार मिश्रा, हवलदार बब्लू कुमार मुर्मू, सिपाही सिकंदर कुमार, मंजय शर्मा और चौकीदार पूजो कुमार तत्मा शामिल थे।

इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है और इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर यह जाहिर किया है कि आपसी विवाद किस हद तक हिंसक हो सकते हैं। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: