



दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद
नवगछिया थाना क्षेत्र के मुमताज मुहल्ला में 24 सितंबर 2025 को रात करीब 11:30 बजे हुई गोलीबारी का मुख्य आरोपी महज दो घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना में सिलाई सामाग्री विक्रेता मो. शाहरुख अंसारी गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।
नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने गुरुवार की शाम नवगछिया थाना में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर पत्रकारों को बताया कि घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं नवगछिया थाना की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मायागंज अस्पताल, भागलपुर में इलाजरत शाहरुख से पूछताछ की।

पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना संकलन के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में कांड में शामिल मुख्य आरोपी मक्खातकिया निवासी धनिक चंद पिता शत्रुघन भगत को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपी धनिक चंद ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि शाहरुख और उसकी साली के बीच बातचीत को लेकर उसने विरोध किया और इस घटना को अंजाम दिया।

शाहरुख के भाई के फर्द बयान के आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 308/25, धारा 109(1)/3(5) बीएनएस और 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल दूसरा आरोपी केशव झा अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी तथा घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के लिए छापेमारी जारी है।
नवगछिया पुलिस ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई और लगातार छापेमारी से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास जारी हैं। घटनास्थल से मिली जानकारी और जाँच-पड़ताल के आधार पर सभी आरोपी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।












