5
(3)

नवगछिया : महाशिवरात्रि महोत्सव के उपलक्ष्य में गोपाल गौशाला स्थित जगतपति नाथ महादेव मंदिर परिसर में बुधवार को भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती के चौठारी पर भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से आयोजित इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

आयोजित भंडारे में लगभग 15 से 20 हजार महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं के लिए पूरी, सब्जी, खीर एवं बुंदिया की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो देर शाम तक लगातार जारी रहा।

भंडारे की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं हेतु अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जिससे प्रसाद वितरण में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सैकड़ों की संख्या में सेवादार पूरे समर्पण और सेवा भाव के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण में लगे रहे। सेवादारों ने कतारबद्ध तरीके से श्रद्धालुओं को महाप्रसाद उपलब्ध कराया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

भंडारे के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने पहुंचे।

आयोजकों ने बताया कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हर वर्ष भंडारे का आयोजन किया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं के बीच सेवा, सहयोग और धार्मिक एकता की भावना को मजबूत करना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समिति के सदस्यों ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं सेवादारों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: