




भागलपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शहीद दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम भागलपुर के पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास स्थित कांग्रेस कैंप कार्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान विचारधारा थे। उनका जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और मानवता के मूल्यों पर आधारित था, जो आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बिना हथियारों के स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व कर यह सिद्ध किया कि नैतिक शक्ति और सत्य की राह, हिंसा से कहीं अधिक प्रभावशाली होती है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने गांधीजी के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।













