



नवगछिया पुलिस जिले के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत गोटखरीक की 50 वर्षीय पूर्व पंच सुलेखा देवी की संदिग्ध हालात में लापता होने के बाद हत्या से क्षेत्र में आक्रोश है। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजद नेता गौतम कुमार प्रीतम एक बार फिर अपने पार्टी नेताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे।

पीड़िता के पुत्र राजेश कुमार ने बताया कि अब तक उन्हें प्राथमिकी की कॉपी नहीं दी गई है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। जब राजद नेता गौतम प्रीतम ने खरीक थानाध्यक्ष से फोन पर इस संबंध में बात की तो उन्होंने दावा किया कि एफआईआर की कॉपी परिवार को दी जा चुकी है, जबकि परिवार के सदस्यों ने सभी के सामने स्पष्ट किया कि उन्हें कोई भी प्रति नहीं दी गई है।
वहीं, उन्होनें कहा कि स्थानीय समाचार पत्रों में यह भी छपा था कि मृतका का शव परिजनों को सौंप दिया गया है, लेकिन पीड़ित परिवार ने कहा कि शव अभी भी नौलखा मेडिकल कॉलेज में सीलबंद अवस्था में रखा गया है और पुलिस ने 15 दिन बाद सौंपे जाने की बात कही है।

राजद नेता गौतम प्रीतम और संतोष तिवारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। उन्होंने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी राज्यसभा सांसद मंगनीलाल मंडल और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को फोन पर दी है और जल्द ही प्रदेश स्तर के राजद नेता पीड़ित परिवार से मिलने आएंगे।













